INT NEWS NETWORK
INT TEAM:मुजफ्फरपुर जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और न्यूनतम तापमान में गिरावट को देखते हुए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र अहम फैसला लिया है। आदेश के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा आठवीं तक (प्री-स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र सहित) की शैक्षणिक गतिविधियां 5 जनवरी से 7 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। वहीं आठवीं कक्षा से ऊपर की कक्षाओं का संचालन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक ही किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा आठ तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 28 दिसंबर तक प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे अब पुनः 7 जनवरी तक बढ़ा दिया गया है।
जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए संचालित विशेष कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी, ताकि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही विद्यालयों को बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और उन्हें पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाकर ही बाहर भेजें तथा ठंड से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं।


0 Comments