Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

वीरगंज में कर्फ्यू हटाया गया, सोमवार दोपहर 3:30 बजे से सामान्य स्थिति बहाल

 INT NEWS NETWORK 

आईएनटी न्यूज़ नेटवर्क,वीरगंज (नेपाल)। दो समुदाय के बीच विवाद के बाद दो दिनों से बीरगंज में लागू कर्फ्यू को हटाया गया है।  जिला प्रशासन कार्यालय ने वीरगंज महानगरपालिका के कुछ क्षेत्रों में लगाए गए कर्फ्यू को हटा लिया है। जिला सुरक्षा समिति की 10 और 11 जनवरी को हुई बैठकों में लिए गए निर्णय तथा 12 जनवरी को आयोजित सर्वदलीय-सर्वपक्षीय बैठक में बनी सहमति के बाद यह फैसला लिया गया।

जिला प्रशासन कार्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, शांति-सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए वीरगंज के कुछ इलाकों में निषेधाज्ञा (कर्फ्यू) लागू की गई थी। हालात में सुधार और शांति व्यवस्था सुदृढ़ होने के बाद नागरिकों की स्वतंत्र आवाजाही, व्यापार-व्यवसाय और रोजमर्रा की गतिविधियों को सुचारु बनाने के उद्देश्य से कर्फ्यू हटाने का निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने बताया कि 12 जनवरी को अपराह्न 3:30 बजे से कर्फ्यू प्रभावी रूप से समाप्त कर दिया गया है। इसके साथ ही आम लोगों को सामान्य जनजीवन बहाल करने, शांतिपूर्ण ढंग से गतिविधियां संचालित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

सूचना में यह भी कहा गया है कि कर्फ्यू हटाने से संबंधित जानकारी सभी सरोकारवालों के लिए जारी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार का भ्रम न रहे। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया है। यह आदेश प्रमुख जिला अधिकारी मोला दहाल के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।

Post a Comment

0 Comments